9 गतिविधियों का आयोजन, कलेक्टर ने दिए दिशा-निर्देश
मध्य प्रदेश में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान का आयोजन 2 से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी गतिविधियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृद्धजनों एवं अनाथ बच्चों की सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, वृक्षारोपण, सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता जैसी नौ गतिविधियां शामिल होंगी। इस अभियान का उद्देश्य गांधी जयंती से राष्ट्र सेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करने के साथ ही प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का सामूहिक संकल्प भी दिलाया जाएगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। स्वास्थ्य शिविरों में लोगों को पोषण, स्वस्थ जीवनशैली और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ शासन की स्वास्थ्य योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही सामान्य स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श भी दिया जाएगा। स्वच्छता जागरूकता रैली और जनसंवाद के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की जानकारी भी दी जाएगी। इस दौरान प्रत्येक वार्ड और पंचायत में स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्थानीय नागरिकों की जिम्मेदारी तय करने पर भी जोर दिया जाएगा। अनाथालयों में भी बच्चों के साथ संवाद, भोजन एवं फल वितरण, कपड़े, जूते-चप्पल, स्टेशनरी तथा दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराने के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
