किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली मिलेगी, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सहकारी समितियां बनेंगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज की मंगलकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री निवास में पत्रकारों के साथ आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश नई ऊर्जा से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक पटल पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है, जहाँ खेती का अर्थ केवल उपज लेना नहीं, बल्कि पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी के माध्यम से किसानों की माली हालत सुधारना भी है। राज्य सरकार खेती और किसानी, दोनों के विकास के लिए कटिबद्ध होकर प्रयासरत है। नदी जोड़ो अभियान और अन्य प्रयासों से सिंचाई रकबे के विस्तार को गति दी गई है, ताकि किसान समृद्ध हो सकें। किसानों को अब दिन में भी 10 घंटे बिजली देने की शुरुआत की गई है। किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत, ग्राम पंचायतों में दूध संकलन के लिए दुग्ध सहकारी समितियां गठित की जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि किसान अनाज उत्पादन के साथ-साथ पशुपालन और दूध उत्पादन से भी अपनी आय बढ़ाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश दुग्ध उत्पादन में वर्तमान में देश में तीसरे स्थान पर है, लेकिन अगले दो सालों में इसे नंबर वन राज्य बनाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास में पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन समारोह में यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने उपस्थित पत्रकारगणों और मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए सभी प्रदेशवासियों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की बधाई एवं मंगलकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय नीरज मंडलोई, सचिव परिवहन एवं आयुक्त मनीष सिंह, अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं संचालक अरविंद दुबे सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। राज्य सरकार 'मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना' के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली आबादी को उनकी संपत्ति का पक्का अधिकार दिला रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस योजना से आजादी के बाद पहली बार किसानों और ग्रामीणों को उनकी स्वामित्व वाली संपत्ति का रजिस्टर्ड दस्तावेज प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को मुरैना जिले के एक गांव में रजिस्ट्री योजना के हितग्राहियों से मिलने पर, ग्रामीणजन अपनी संपत्ति के पक्के अधिकार की कार्यवाही पूर्ण होने पर भावुक हो गए थे। प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत सभी 55 जिलों में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज स्थापित किए गए हैं। सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही, मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाने और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मंडला एवं बालाघाट में भी मेडिकल कॉलेजों का निर्माण किया जा रहा है, जहाँ इसी सत्र से प्रवेश दिया जाएगा। मध्य प्रदेश में रोड, रेल और सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश के धार और झाबुआ तक रेल लाइन पहुंचाई गई है। राज्य के प्रत्येक जिले, संभाग और छोटे शहरों को भी औद्योगिक विकास से जोड़ा जा रहा है। बाबा महाकाल के महालोक के उद्घाटन के बाद उज्जैन की आर्थिक स्थिति पूरी तरह से बदल चुकी है। उज्जैन को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत एक बड़े शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
