जेलेंस्की ने शांति वार्ता में भारत के शामिल होने का न्योता दिया था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिशों में भारत की ओर से हरसंभव मदद देने की बात कही। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, मोदी ने कहा कि युद्ध का हल बातचीत और कूटनीति से ही निकलना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत शांति की कोशिशों में अपना योगदान देने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत इस युद्ध को इंसानियत के नजरिए से देखता है। मोदी पहले भी कई बार कह चुके हैं कि यह युद्ध का दौर नहीं है और किसी भी विवाद को बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए। यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की कोशिशें फिर तेज हो रही हैं। अमेरिका, यूरोप और रूस के बीच इस मुद्दे पर लगातार बातचीत और बयानबाजी चल रही है। ऐसे में जेलेंस्की का मोदी से बात करना अहम है। भारत के रूस और यूक्रेन, दोनों देशों से अच्छे रिश्ते हैं। मोदी पिछले चार साल से दोनों देशों के नेताओं के संपर्क में हैं। वह कभी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से तो कभी जेलेंस्की से बात करते रहे हैं। भारत का रुख शुरू से यही रहा है कि युद्ध का कोई सैन्य समाधान नहीं है। दोनों देशों को बातचीत और कूटनीति के जरिए विवाद सुलझाना चाहिए। मोदी ने सितंबर 2022 में पुतिन से मुलाकात के दौरान भी कहा था कि यह युद्ध का दौर नहीं है। जेलेंस्की पहले भी मोदी से मदद मांग चुके हैं। 26 फरवरी 2022 को रूस के हमले के तुरंत बाद जेलेंस्की ने मोदी को फोन कर संयुक्त राष्ट्र (UN) में राजनीतिक समर्थन मांगा था। 26 दिसंबर 2022 को फोन पर बातचीत के दौरान जेलेंस्की ने अपना 10 सूत्रीय शांति प्रस्ताव लागू कराने में भारत की मदद मांगी थी। 20 मई 2023 को जापान के हिरोशिमा में ग्-7 समिट में मोदी और जेलेंस्की की युद्ध के बाद पहली व्यक्तिगत मुलाकात हुई थी। इस दौरान जेलेंस्की ने शांति वार्ता में भारत के शामिल होने का न्योता दिया था।
