मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खाचरौद में रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को शुभकामनाएं देते हुए आश्रम में पूजा-अर्चना कर संतों का आशीर्वाद लिया
भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को खाचरौद के संत श्री निजानंद धाम आश्रम में धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने पूजा-अर्चना कर श्री 1008 सचिदानंद महाराज की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का श्री निजानंद धाम सेवा समिति द्वारा स्वागत सम्मान भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आश्रम में सचिदानंद जी महाराज जी के शिष्य श्री विवेक महाराज जी से भी मुलाकात की। उन्होंने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संत श्री निजानंद आश्रम पर आकर दर्शन पूजा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम सभी अपने कामों के साथ अपने संतों की मूल भावना सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः सभी को लेकर चलने का जो कल्याण का भाव है, वो वेद वाक्य को अमरता के साथ धारण करते हुए हम सभी के कल्याण की कामना करें। खाचरौद में बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। हेलीपेड पर नागदा निवासी श्रीमती माया तितलिया एवं मनीषा अखिलेश शर्मा ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आत्मीयता से बहनों का मुंह मीठा कराया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आश्रम में उपस्थित संतों का वन्दन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

