पुलिस ने भोपाल के वाजपेयी नगर इलाके में एक 75 वर्षीय महिला की फ्लैट में घुसकर हुई हत्या का खुलासा कर दिया है। यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि गहनों और सोने के दांत के लालच में आकर पड़ोस में रहने वाली ही एक महिला ने की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से लूटे गए सोने के झुमके, लौंग, पायल, नकदी, घटना के समय पहने हुए कपड़े, चप्पल और मोबाइल फोन बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, मल्टी ए-2 बाजपेई नगर में रहने वाली कलरी देवी (75) के पति का 2019 में निधन हो चुका था। उनका इकलौता बेटा नौकरी करता है और इन दिनों नाइट ड्यूटी पर था। ऐसे में वह घर पर अकेली थीं। पड़ोस में रहने वाली वर्षा ने शुक्रवार अलसुबह करीब 4 बजे दरवाजा खुला देखा और आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर वह फ्लैट में पहुंचीं, जहां कलरी देवी का शव बुरी हालत में मिला। शुरुआती जांच में ही पुलिस को शक हो गया था कि हत्या किसी करीबी ने की है, जिसे कलरी देवी के गहनों और उनके नकली दांत में सोना होने की जानकारी थी। फ्लैट का दरवाजा खुला मिलने से यह भी अंदाजा लगाया गया कि मृतका ने किसी परिचित की आवाज सुनकर दरवाजा खोला होगा। पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने लूट और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी की धरपकड़ के लिए एसआईटी गठित की गई और सूचना देने पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया। एसआईटी ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी सुरागों के आधार पर पास की मल्टी में रहने वाली रेखा उर्फ रीता (45) को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर रेखा ने बताया कि उसने मृतिका के पहने हुए जेवरात के लालच में आकर गला दबाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने रेखा की निशानदेही पर मृतिका के लूटे गए सोने के झुमके, नाक की लौंग, पायल, नकदी, घटना के समय पहने हुए कपड़े, चप्पल और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला रेखा उर्फ रीता के खिलाफ पहले से भी नाबालिग बालिका के अपहरण व बलात्कार और सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौच, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले दर्ज हैं। यह हत्या गुरुवार-शुक्रवार की रात को हुई थी।
समाचार
पड़ोसी महिला ने 75 वर्षीय वृद्वा की गहनों के लालच में की हत्या
9 नवंबर 2026 को 10:21 pm बजे

पड़ोसी महिला ने 75 वर्षीय वृद्वा की गहनों के लालच में की हत्या
