मध्य प्रदेश में बसों से नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में, राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली से भोपाल आ रही एक बस से 6.64 किलो एंफेटामाइन (सिंथेटिक) ड्रग जब्त की है। इस दौरान एक तस्कर को सोनकच्छ टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार तस्कर के बैग में तीन पैकेट में यह ड्रग रखी हुई थी, जिसका कुल वजन 6.642 किलोग्राम पाया गया। डीआरआई को गुरुवार, 5 नवंबर को दोपहर, खूफिया सूचना मिली थी कि एक तस्कर दिल्ली से बस के जरिए भोपाल आ रहा है और अपने साथ नशीले पदार्थ लेकर आ रहा है। इस सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने सोनकच्छ टोल प्लाजा के पास बस को रोका और संदिग्ध की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के हल्के भूरे रंग के बैग से चमकीले चांदी रंग के तीन प्लास्टिक पैकेट मिले, जिनमें सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ भरा हुआ था। एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर इस पदार्थ के एंफेटामाइन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद डीआरआई ने पूरी खेप जब्त कर ली और आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया। यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित बेंगलुरु पुलिस द्वारा दर्ज एक अन्य एनडीपीएस मामले में जमानत पर बाहर था। इससे यह भी पता चला है कि वह पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में संलिप्त रहा है। आरोपी के सामान से 48,400 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह रकम उसे मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त हुई है। डीआरआई ने इस नकदी को भी जब्त कर लिया है। अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) भोपाल पर पिछले एक महीने में यह तीसरी बार है जब ड्रग्स जब्त की गई है। इससे पहले भी गोविंदपुरा थाने के सामने एक मामले में ड्रग्स पकड़ी गई थी। यह घटना राज्य में बढ़ रही बस से ड्रग तस्करी की प्रवृत्ति को उजागर करती है। गिरफ्तार तस्कर से प्राप्त जानकारी के आधार पर डीआरआई मामले की आगे की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह ड्रग्स कहां से लाई गई थीं और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। इस गिरोह के अन्य सदस्यों का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। यह मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। डीआरआई इस तरह की तस्करी को रोकने के लिए विशेष अभियान चला रही है।
समाचार
भोपाल आ रही बस से 6.64 किलो एंफेटामाइन जब्त
8 नवंबर 2026 को 8:52 pm बजे
