उज्जैन में दीपावली की रात से चलेगा विशेष सफाई अभियान
उज्जैन में दीपावली की रात नगर निगम का स्वास्थ्य अमला शहर की सफाई के लिए तैनात रहेगा। आतिशबाजी और रोशनी के बीच, निगम का लक्ष्य है कि दीपावली के अगले दिन 9 नवंबर की सुबह 6 बजे से पहले शहर की सड़कें और गलियां पटाखों के कचरे से मुक्त हों। इसके लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। शनिवार को निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अमले के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा तय की। उन्होंने निर्देश दिया कि दीपावली की रात से ही सफाई मित्र और कचरा कलेक्शन वाहन मैदान में उतर जाएं। प्रत्येक वार्ड, गली और मोहल्ले में विशेष सफाई कराई जाए। आयुक्त ने अभियान को मिशन मोड़ में संचालित करने का आदेश दिया। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी तय कर समय पर ड्यूटी संभालने को कहा गया। स्वच्छता निरीक्षक और दरोगा अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर सफाई कार्य की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि यह नगर निगम के लिए एक विशेष प्रयास है और इसे सभी को पूरी जिम्मेदारी से सफल बनाना है। अभियान के दौरान सफाई मित्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

