सीहोर में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने निवास में पूरे परिवार के साथ विधि-विधान से गोवर्धन पूजा संपन्न की। इस शुभ अवसर पर पंडित मिश्रा के साथ उनका पूरा परिवार श्रद्धालुओं के रूप में शामिल हुआ। पंडित मिश्रा ने स्वयं गोबर से गोवर्धन पर्वत और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक आकृति बनाकर उनका पंचामृत से अभिषेक किया। उन्होंने रोली, अक्षत, पुष्प एवं 56 भोग अर्पित कर जनकल्याण, देश में समृद्धि और शांति की कामना की। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने गोवर्धन पूजा के पौराणिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह सनातन परंपरा का पावन पर्व है जो मनुष्य को प्रकृति, पर्यावरण और गो-वंश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की सीख देता है। मिश्रा ने याद दिलाया कि द्वापर युग में भगवान कृष्ण ने देवराज इंद्र के अभिमान को चूर्ण कर ब्रजवासियों को यह संदेश दिया था कि प्रकृति, पर्वत, नदियां और गो-धन ही हमारी वास्तविक जननी हैं। पंडित मिश्रा ने इस बात पर जोर दिया कि आज के आधुनिक दौर में गो-सेवा और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता सबसे अधिक है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपने जीवन में कम से कम एक गाय की सेवा और अपने आसपास प्रकृति की रक्षा का संकल्प लेने का आग्रह किया। वहीं सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में दीपावली उत्सव के बाद आयोजित इस गोवर्धन पूजा के अवसर पर सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पंडित प्रदीप मिश्रा की एक झलक पाने और उनके सानिध्य में पूजा दर्शन के लिए मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने से भक्त कुबेरेश्वर धाम पहुंचे थे। पूरे परिसर को रंग-बिरंगे दीपों, फूलों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया था।
समाचार
प्रदीप मिश्रा ने 56 भोग से की गोवर्धन पूजा
9 नवंबर 2026 को 10:22 pm बजे
प्रदीप मिश्रा ने 56 भोग से की गोवर्धन पूजा
