भोपाल। साइबर अपराधों के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता के अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं। इस वर्ष सितंबर तक ठगों ने प्रदेश के लोगों को 308 करोड़ रुपये की चपत लगाई है, लेकिन पुलिस और बैंकों के समन्वय से करीब 100 करोड़ रुपये होल्ड कराने में सफलता मिली है। यह ठगी की कुल राशि का लगभग 32 प्रतिशत हिस्सा है, जो निर्धारित प्रक्रिया के बाद पीड़ितों को वापस मिल सकेगा। पिछले वर्ष की तुलना में यह अनुपात भी बेहतर हुआ है। वर्ष 2025 में प्रदेश में 634 करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई थी। इसमें से पुलिस 137 करोड़ रुपये होल्ड करा पाई थी, जो कुल ठगी की रकम का लगभग 22 प्रतिशत था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जागरूकता बढ़ने के साथ लोग अब ठगी का शिकार होने पर तत्काल शिकायत कर रहे हैं। पहले कई मामलों में पीड़ित जानकारी जुटाने या बैंक से संपर्क करने में ही काफी समय लगा देते थे, लेकिन अब इसमें सुधार आया है। जागरूकता के लिए पुलिस मुख्यालय ने बीते दो वर्ष में दो बार 'सेफ क्लिक' अभियान चलाया। इनके तहत स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम किए गए। अभियानों के दौरान डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर फोन करने, ओटीपी और केवायसी के नाम पर ठगी, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी निवेश योजनाओं और अनजान लिंक से होने वाले अपराधों के बारे में विस्तार से बताया गया। साइबर पुलिस के एसपी प्रणय नागवंशी ने बताया कि लोगों में जागरूकता बढ़ी है। वे या तो ठगों के जाल में अब नहीं आ रहे हैं, या फिर ठगी होने पर जल्द शिकायत कर दे रहे हैं। इससे 100 करोड़ रुपये होल्ड कराने में सफलता मिली है। इसमें मिटिगेशन सेंटर की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। यहां अभी तीन बैंकों के प्रतिनिधि साइबर मुख्यालय में बैठ रहे हैं। नया काल सेंटर शुरू होने के बाद और बैंकों से प्रतिनिधि बैठाने के लिए कहा जाएगा, जिससे शिकायतों पर और तेजी से कार्रवाई हो सके।
समाचार
ठगी के 308 करोड़ फंसे, 100 करोड़ वापस मिलेंगे
9 नवंबर 2026 को 10:21 pm बजे

ठगी के 308 करोड़ फंसे, 100 करोड़ वापस मिलेंगे
