मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह सोमवार को बरही पहुंचे। उन्होंने अग्नि हादसे का निरीक्षण किया और शोकाकुल परिवारजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। मंत्री सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। राज्य सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी। प्रभारी मंत्री सिंह ने कलेक्टर आशीष तिवारी को घटना की परिस्थितियों, राहत एवं बचाव कार्यों में संभावित लापरवाही के सभी पहलुओं की मजिस्ट्रियल जांच 30 दिन में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरही अग्नि हादसे में छह लोगों की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मंत्री सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरही भी पहुंचे। उन्होंने अग्नि हादसे में उपचाररत 43 वर्षीय रितेश अग्रवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर इलाज और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाचार
बरही अग्नि हादसे की जांच 30 दिन में पूरी होगी
9 नवंबर 2026 को 10:21 pm बजे
