जनगणना के सफल संपादन हेतु स्व-गणना, प्रशिक्षण और व्यापक प्रचार-प्रसार पर मुख्य सचिव ने किया जोर
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने मंत्रालय में मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जनगणना-2027 से जुड़े सभी विभाग संवेदनशीलता और समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करें, जिससे भारत सरकार की मंशा के अनुसार जनगणना के आवश्यक आंकड़े संकलित किए जा सकें
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने गुरुवार को मंत्रालय में भारत की जनगणना के लिए गठित मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जनगणना-2027 से जुड़े सभी विभागों को संवेदनशीलता और समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कैलेंडर के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भारत सरकार की मंशा के अनुसार जनगणना के आवश्यक आंकड़े संकलित किए जा सकें। उन्होंने इस बार की जनगणना को पहली डिजिटल जनगणना बताया और जोर दिया कि ऐसे प्रयास किए जाएं कि अधिकतर नागरिक स्व-गणना में स्वयं ही अपनी जानकारी दर्ज कर सकें। मुख्य सचिव ने शासकीय कर्मचारियों के लिए आइगॉट पर एक छोटा मॉड्यूल बनाकर उसे डालने, महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को स्व- गणना पत्रक भरने के लिए प्रशिक्षित करने और विभिन्न डिजिटल व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्व-गणना पत्रक भरने के छोटे वीडियो अपलोड कर नागरिकों के बीच प्रसारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य में निजी क्षेत्र और सार्वजनिक उपक्रमों को भी जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। नागरिकों को जनगणना के विभिन्न चरणों के बारे में जागरूक करने के लिए झांकी, रैलियों, कलापथक दलों, लोक कलाकारों, सोशल मीडिया, सिनेमा हॉल, रेडियो, टीवी जैसे सभी माध्यमों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, यह निर्देश भी मुख्य सचिव ने दिए। उन्होंने इस बड़े कार्य के लिए लगभग 2 लाख प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के अतिरिक्त अन्य प्रशासनिक अमले की व्यवस्था शासकीय विभागों से ही करने को कहा। उन्होंने इस माह के 12 और 13 नवंबर को जिलों से आने वाले मास्टर ट्रेनर्स को गंभीरता से प्रशिक्षण देने के साथ ही नवंबर के तीसरे सप्ताह में कलेक्टरों और नगर निगम आयुक्तों का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत में निदेशक, जनगणना ने जनगणना-2027 की रूपरेखा, प्रारंभिक तैयारियों, डिजिटल रोडमैप और संगठनात्मक ढांचे के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
