लूट में 4,500 रुपये और मोबाइल शामिल
रायपुर में ट्रक चालक से आधी रात को लूटपाट की घटना सामने आई है। तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में चार आरोपियों ने चाकू की नोक पर चालक से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने रात करीब 2 बजे ट्रक के केबिन का कांच तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चालक को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने चालक के साथ मारपीट की और उसकी जेब में रखे 4,500 रुपये नकद और 5,000 रुपये कीमत का रेद्मि मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक चाकू, लूट की गई 4,500 रुपये की नकदी, रेद्मि मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। कुल जब्त मशरूका की कीमत 59 हजार 500 रुपये बताई गई है। प्रार्थी सुनील राम, जो ग्राम भरौली, थाना नरही, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) का निवासी है, वर्तमान में रायपुर के रांवाभाठा में नारायण मूर्ति ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक चालक के रूप में काम करता है। 26 अगस्त को वह ट्रक क्रमांक सीजी 04 पीपी 5250 में जांजगीर-चांपा जिले से लोहा लोड कर ग्राम कोनारी स्थित श्रीराम दूत इस्पात कंपनी पहुंचा था। कंपनी के बाहर ट्रक खड़ा करने के बाद वह केबिन में सो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अकबर पारधी (23), सोनू मांडवी (21), साहिल उइके (18) और वीरू पारधी (25) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य लूट, चोरी और आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। यदि अन्य मामलों में आरोपियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ अलग से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

