उज्जैन की गिर नस्ल की गाय राधा ने एक दिन में 19.76 लीटर दूध देकर प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए गाय के पशुपालक गौरव रघुवंशी को एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया गया। यह प्रतियोगिता पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत 30 और 31 अक्टूबर को वृंदावन ग्राम तलोद में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में देशी गौवंश की दूध उत्पादन क्षमता के आधार पर पशुपालकों का चयन किया गया। ग्राम पंचायत तलोद निवासी गौरव रघुवंशी की गिर गाय राधा ने प्रतिदिन 19.76 लीटर दूध देकर पहला स्थान प्राप्त किया। उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉ. वीरेंद्र कुमार और दिलीप मेहता ने बताया कि गाय के सुबह और शाम, दोनों समय के दूध की मात्रा की जांच के बाद विजेताओं का चयन हुआ। पशुपालक गौरव रघुवंशी अपनी गाय राधा के खानपान और देखभाल पर विशेष ध्यान देते हैं। इसी का नतीजा है कि राधा ने यह उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में गोपाल ने दूसरा स्थान हासिल कर 50 हजार रुपए का पुरस्कार जीता, जबकि संदीप चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। संदीप चौधरी को 25 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी गई। गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का मुख्य उद्देश्य देशी गौवंश का संरक्षण और संवर्धन करना है। साथ ही, पशुपालकों को बेहतर दुग्ध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना भी इसका लक्ष्य है।
समाचार
उज्जैन की गाय ने दिया 19.76 लीटर दूध, जीता पहला स्थान
9 नवंबर 2026 को 10:22 pm बजे

उज्जैन की गाय ने दिया 19.76 लीटर दूध, जीता पहला स्थान
