ओरछा में 126.96 करोड़ से भव्य श्रीरामराजा लोक निर्माण होगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को छोटी दीपावली के अवसर पर निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध श्रीरामराजा सरकार मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, प्रगति और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीरामराजा सरकार का मंदिर आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र होने के साथ धार्मिक पर्यटन का अद्भुत स्थल है। राज्य सरकार ओरछा के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इसके विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। यहां 126.96 करोड़ रुपये की लागत से भव्य श्रीरामराजा लोक का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए। ओरछा के सांस्कृतिक गौरव और पर्यटन विकास के लिए कुल 239.87 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर काम जारी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या और उज्जैन जैसे धार्मिक स्थलों के विकास से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। इसी दिशा में ओरछा को भी प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हाथी साव सुपारी साव परिसर में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीरामराजा सरकार के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

