कटनी जिले के बाकल गांव में सोफे से गिरकर खिलौने के लोहे के तार से गंभीर रूप से घायल 11 माह की बच्ची को डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन के बाद बचा लिया। बच्ची के माथे में लगभग दो इंच अंदर तक घुसे तार को जबलपुर मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में बच्ची के सिर की हड्डी क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन त्वरित चिकित्सा से उसकी जान बच गई और अब वह खतरे से बाहर है। यह हादसा शनिवार शाम को बाकल गांव में हुआ। 11 माह की आरवी सोफे पर बैठकर खेल रही थी, तभी वह अचानक नीचे गिर गई और खिलौने में लगा करीब एक सेंटीमीटर मोटा लोहे का तार सीधे उसके माथे में जा धंसा। हादसे के तुरंत बाद बच्ची के सिर से बहुत तेजी से खून बहने लगा। गंभीर स्थिति को देखते हुए मां उसे स्थानीय अस्पताल ले गई, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जबलपुर रेफर कर दिया। परिजन शनिवार रात उसे लेकर जबलपुर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने बच्ची की स्थिति की गहन जांच की। परीक्षण में सामने आया कि लोहे का तार सिर की हड्डी को तोड़ते हुए दो इंच गहराई तक चला गया था, जिससे दिमाग के भीतर खून का थक्का जम गया था।
समाचार
कटनी: 11 माह की बच्ची के माथे में घुसा तार, डॉक्टरों ने बचाई जान
9 नवंबर 2026 को 10:22 pm बजे
