सरदार पटेल की जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में उमड़ा जनसैलाब
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त समन्वय से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे ने एकता और अखंडता की शपथ दिलाई और फिर दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में छात्रों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों के सदस्यों सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। एकता और अखंडता का संदेश लेकर यह दौड़ एसपी कार्यालय से प्रारंभ होकर कीर्ति स्तंभ तक आयोजित की गई। जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करना तथा देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। फुलपगारे ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के समन्वय से आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ का सफलतापूर्वक समापन हुआ। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से विशेष आयोजन किया गया। इसमें प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। भदौरिया ने कहा कि संकल्प यात्रा के दौरान आमजन की अच्छी सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम के अंतर्गत मैराथन का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने उत्साह से भाग लिया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने भी मैराथन में दौड़ लगाकर सहभागिता की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया।
