शिखिल ब्यौहार की रिपोर्ट के अनुसार टाइगर स्टेट का दर्जा रखने वाले मध्य प्रदेश के जंगलों से इस साल बेहद चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं। वन विभाग और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की हालिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 7 नवंबर 2026 तक कुल 57 बाघों की मौत हो चुकी है। यह किसी एक वर्ष में बाघों की मौत का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है, और इस साल नवंबर की शुरुआत में ही पिछला रिकॉर्ड टूट चुका है। देशभर में इस साल हुई 146 बाघों की मौतों में अकेले मध्य प्रदेश की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है। दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र है, जहां 29 और तमिलनाडु में 16 बाघों की जान गई है। आंकड़ों का सबसे डरावना पहलू कम उम्र के बाघों की मौत है। इस वर्ष जान गंवाने वाले 57 बाघों में से 18 की उम्र दो साल से भी कम थी। यानी मरने वाला हर तीसरा बाघ अभी वयस्क भी नहीं हुआ था। इन 18 युवा बाघों में से 11 की जान आपसी संघर्ष में गई। 5 ने कैनाइन डिस्टेंपर वायरस से दम तोड़ा, जबकि एक की मौत बिजली के करंट और एक की प्राकृतिक कारणों से हुई। कुल 57 मौतों में 19 बाघों की जान क्षेत्राधिकार की लड़ाई में गई है। इसके अलावा 9 बाघ बिजली के करंट और एक सोलर फेंस की चपेट में आकर मारा गया। इसके अलावा इस साल कुल 35 बाघों की मौत टाइगर रिजर्व के भीतर हुई है। इनमें कान्हा और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सर्वाधिक 12-12 मौतें दर्ज की गईं। पन्ना में 4, पेंच और सतपुड़ा में 2-2, जबकि संजय डुबरी, रातापानी और बड़ी रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में 1-1 बाघ की मृत्यु हुई। रिपोर्ट के अनुसार कान्हा टाइगर रिजर्व में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस से 8 बाघों की मौत चिंता का विषय है। संक्रमण रोकने के लिए वन विभाग ने आसपास करीब 2,500 कुत्तों का टीकाकरण कराया। डॉग्स इस वायरस के सबसे बड़े कैरियर होते हैं। पिछले आंकड़ों पर नजर डालें तो 2023 में 48, 2024 में 47 और 2025 में 53 बाघों की मौत हुई थी। 2018 में यह संख्या 28 थी। वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट और एक्टिविस्ट अजय दुबे ने बाघों की अप्राकृतिक मौत को बेहद चिंताजनक बताया। अजय दुबे ने कहा कि यह बाघों के प्रति प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने कोर्ट में शिकारियों को सजा न हो पाने और इंटेलिजेंस फेलियर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने वन विभाग से फॉरेस्ट के आसपास रहने वाले ग्रामीणों से बेहतर संवाद करने की जरूरत बताई। साथ ही वाइल्ड लाइफ सेंचुरीज में राजनीतिक सिफारिशों पर नियुक्ति न होने और काबिल अफसरों की तैनाती की बात कही। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र गुप्ता ने सरकार पर आरोप लगाया कि बाघ हो या चीते, वन्य प्राणियों की प्रदेश के जंगलों में शामत आ चुकी है। उन्होंने कहा कि वन माफियों के संरक्षण में ही शिकारी हैं। भूपेंद्र गुप्ता ने वन और वन्यप्राणियों के संरक्षण की सरकार की नीयत पर कई सवाल खड़े किए। उधर बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने पलटवार किया। पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि प्रदेश में सर्वाधिक बाघ मध्य प्रदेश में हैं, इसलिए मौतों का अधिक होना भी सामान्य बात है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार कड़ी कार्रवाई और अभियान चला रही है।
समाचार
मध्य प्रदेश में बाघों की रिकॉर्ड मौत
19 नवंबर 2026 को 11:28 pm बजे
