पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है
धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब दोनों गुजरी से धामनोद की ओर लौट रहे थे और किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में सिमराली तलावपुरा निवासी छोटू पिता नंदराम भाबर और राजेश पिता मोना भाबर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत धामनोद के अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजन मंगल सिंह ने बताया कि राजेश और छोटू गुजरी से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को धामनोद अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचाया जा सका। रात में दोनों के शव अस्पताल में ही रखवाए गए थे। धामनोद थाने के सहायक उपनिरीक्षक मुकेश यादव ने बताया कि बुधवार रात करीब 8 बजे थाने पर इस हादसे की सूचना मिली थी। गुरुवार को सीएचसी धामनोद में डॉ. कार्तिक सिंह चौहान ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया।

