इंदौर में समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश, स्वच्छता और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त संदीप जीआर ने कहा है कि आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल पोषण एवं शाला पूर्व शिक्षा के केंद्रों तक सीमित न रखते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के आदर्श केंद्रों के रूप में विकसित किया जाए। इसके लिए विभाग का प्रत्येक अधिकारी अपने नियमित शासकीय दायित्वों के अतिरिक्त कम से कम एक आंगनवाड़ी केंद्र को गोद लेकर उसके समग्र उन्नयन की व्यक्तिगत जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि केंद्रों में स्वच्छता, सुरक्षित एवं बाल अनुकूल वातावरण, बेहतर अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण शाला पूर्व शिक्षा और उपलब्ध सुविधाओं में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आयुक्त संदीप जीआर गुरुवार को इंदौर में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभागीय योजनाओं और सेवाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रशासनिक निगरानी के साथ अधिकारियों की व्यक्तिगत सहभागिता भी आवश्यक है। प्रत्येक अधिकारी अपने चयनित केंद्र को सभी दृष्टियों से आदर्श बनाने का प्रयास करे, जिससे अन्य केंद्रों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिले। आयुक्त संदीप जीआर ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिन स्थानों पर शासकीय भवन उपलब्ध नहीं हैं, वहां केंद्रों के संचालन के लिए उपयुक्त एवं बेहतर किराए के भवनों का चयन किया जाए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों से शिक्षा प्राप्त कर चुके युवाओं को भी इन केंद्रों के विकास से जोड़ने की पहल करने को कहा। उन्होंने कहा कि पूर्व में इन केंद्रों से जुड़े युवा भविष्य में इनके उन्नयन में महत्वपूर्ण सहयोगी बन सकते हैं। बैठक में आयुक्त संदीप जीआर ने विभागीय अधिकारियों के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने कुपोषित बच्चों की देखभाल, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं तथा केंद्रों के नियमित संचालन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी ली। कार्यकर्ताओं ने पोषण ट्रैकर और संपर्क ऐप में जानकारियों की दोहरी प्रविष्टि तथा फेस रिकग्निशन सिस्टम में अधिक समय लगने जैसी समस्याओं से अवगत कराया। आयुक्त ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इनके व्यावहारिक समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
