वेलस्पन समूह टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क में करेगा करोड़ों का निवेश, आरपीजी समूह ने भी दिखाई रुचि
भिलोसा इंडस्ट्रीज पीएम मित्र पार्क, धार में चरणबद्ध रूप से ₹7,500 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे करीब 3,750 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। कंपनी वर्ष 2028 से उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखती है और इस परियोजना से पॉलिएस्टर यार्न, फाइबर तथा मैन-मेड फाइबर आधारित फैब्रिक का एकीकृत विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र तैयार होगा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में आरपीजी समूह के चेयरमैन हर्ष गोयनका और वेलस्पन एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप गर्ग से मुलाकात की। इस बैठक में मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई। वेलस्पन समूह ने टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क विकसित करने में रुचि दिखाई, वहीं आरपीजी समूह ने जबलपुर, रतलाम, सागर और उज्जैन जैसे शहरों में निवेश के अवसरों पर विचार किया। मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश की औद्योगिक अवसंरचना, भौगोलिक स्थिति, कुशल कार्यबल और राज्य सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियों का लाभ उठाने की संभावनाओं पर जोर दिया, ताकि नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा सकें। वेलस्पन समूह ने विशेष रूप से पीएम मित्र पार्क (धार) को केंद्र में रखते हुए राज्य में चरणबद्ध रूप से कुल ₹7,500 करोड़ के बड़े निवेश का प्रस्ताव दिया है। इस परियोजना से लगभग 3,750 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। कंपनी मिल की भूमि पर टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क विकसित करने में भी रुचि रखती है। संदीप गर्ग ने बताया कि कंपनी पीएम मित्र पार्क, धार में टेक्सटाइल निर्माण के लिए 200 एकड़ और सहायक इकाइयों के लिए अतिरिक्त 100 एकड़, यानी कुल 300 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया में है, जिसका चयन अंतिम चरण में है। इस परियोजना के तहत वर्ष 2028 से उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। वेलस्पन कॉर्प द्वारा एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में ₹150 करोड़ के निवेश पर भी मुख्यमंत्री यादव और गर्ग के बीच चर्चा हुई। इस परियोजना के माध्यम से धार-इंदौर क्षेत्र में पॉलिएस्टर यार्न, फाइबर, निटेड फैब्रिक तथा मैन-मेड फाइबर आधारित नॉन-गारमेंट फैब्रिक का एक एकीकृत विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र तैयार किया जाएगा। इससे पॉलिएस्टर आधारित मुख्य उद्योगों के साथ-साथ कई सूक्ष्म एवं लघु सहायक इकाइयों को भी गति मिलेगी। वेलस्पन समूह इस संबंध में स्थल का निरीक्षण करने के लिए अपनी टीम भेजेगा। आरपीजी समूह के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में ट्रांसमिशन क्षेत्र में निवेश कर विद्युत पारेषण का कार्य करने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने यह भी बताया कि आरपीजी समूह अवसंरचना, मोबिलिटी, टायर, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मास्यूटिकल्स, ऊर्जा समाधान और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित विविध क्षेत्रों में कार्यरत एक प्रमुख भारतीय औद्योगिक समूह है। इनके प्रमुख व्यवसायों में केईसी इंटरनेशनल, सिएट और जेनसार टेक्नोलॉजीज शामिल हैं। समूह का मध्य प्रदेश से लंबे समय से जुड़ाव रहा है, और वर्ष 1951 से आरपीजी ट्रांसमिशन लिमिटेड के माध्यम से उनकी राज्य में उपस्थिति रही है।

