सीधी जिला मुख्यालय से 36 किलोमीटर दूर गजरी गांव में उत्पादन होता है
मंजू सिंह और चन्द्रावती साकेत के समूह को लगातार ऑर्डर मिल रहे हैं
सीधी जिले की महिलाओं के हाथों में महुए की मिठास अब घर-घर तक पहुंच गई है। आत्मविश्वास से भरी इन महिलाओं के बने महुआ लड़्डुओं और बिस्किटस का स्वाद बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को खूब भा गया है। अब सीधी के अलावा रीवा और बनारस तक महुआ लड़्डुओं का स्वाद पहुंच गया है। उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश की इन महिलाओं ने साबित कर दिया है कि थोड़े सहयोग और कला-कौशल से वे खुद और अपने परिवार को आत्मनिर्भर बना सकती हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी में बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित किया था। उन्होंने पिछले 6 महीनों में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा 24 क्विंटल महुआ लड़्डू और 5 क्विंटल महुआ बिस्किट बेचकर 13 लाख रुपए की आमदनी अर्जित करने को उपलब्धि बताया था। उन्होंने इसके लिए महिला उद्यमियों को बधाई भी दी थी। महिमा स्वसहायता समूह की अध्यक्ष मंजू सिंह अपने सहयोगी 14 महिला सदस्यों के साथ सीधी जिला मुख्यालय से 36 किलोमीटर दूर गजरी गांव में लड़्डू और बिस्किटस बनाती हैं। उन्हें यह काम शुरू किए अभी एक साल ही हुआ है। वे सरकारी खरीद से 55 रुपए किलो महुआ खरीदती हैं। अपने हुनरमंद हाथों से मूल्य संवर्धन करके वे लड़्डू बनाती हैं और 520 रुपए प्रति किलो की दर से बाजार में बेचती हैं। महुए के साथ बादाम और काजू जैसे सूखे मेवे भी मिलाए जाते हैं, जिससे पौष्टिकता बढ़ जाती है। मंजू सिंह बताती हैं कि 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे शासकीय कार्यक्रमों में कलेक्टोरेट की ओर से उन्हें ऑर्डर मिल जाते हैं। साल भर से लगातार ऑर्डर मिल रहे हैं। वे उत्पादों की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देती हैं। हरित भारत मिशन की ओर से भी काफी संख्या में ऑर्डर मिल रहे हैं। मंजू सिंह के अनुसार महुआ बिस्किटस बच्चों में लोकप्रिय हो गए हैं और वे इन्हें चाव से खाते हैं। समूह के हर सदस्य को हर महीने 10 से 15 हजार रुपए तक मिल जाते हैं। इसके अलावा सांसद और विधायक भी बड़ी संख्या में महुआ लड़्डुओं की मांग करते हैं। समूह की सचिव चन्द्रावती साकेत बताती हैं कि पांच-पांच सदस्यों की टीमें बनाकर काम बांट लिया जाता है। महुआ खरीदने से लेकर लड़्डू बनाने और मार्केटिंग तक सभी मिल-बांटकर काम करते हैं। सभी महिला सदस्य इस बात से खुश हैं कि उन्होंने आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। मंजू सिंह बताती हैं कि इस काम की शुरुआत वर्ष 2025 में हुई थी। सबसे पहले सभी ने छिंदवाड़ा में प्रशिक्षण लिया। इसके बाद पूरे आत्मविश्वास के साथ बाजार में उतरे। व्यवस्थित रूप से महुआ लड़्डू और बिस्किट-कुकीज बनाने का काम शुरू किया। फिर उत्पादों की गुणवत्ता और निर्माण कौशल बेहतर बनाने के लिए भोपाल और जगदलपुर में भी प्रशिक्षण और अनुभव लिया। समूह ने उत्पादों की गुणवत्ता संवर्धन और निर्माण प्रक्रिया की पूरी जानकारी ली। भोपाल स्थित बी एंड बी बेकरी एवं बेकिंग अकादमी में छह महिला सदस्यों को प्रशिक्षण दिलाया गया। पिछले छह महीनों में समूह ने 21 क्विंटल महुआ के लड़्डू और 5 क्विंटल महुआ बिस्किट तैयार करके बेचे।
