मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को गांधी सागर में उपज से उद्यम प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में कृषि क्षेत्र में किसानों द्वारा किए गए नवाचारों की झलक दिखाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के नवाचारों को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रदर्शनी में धनिया, मूंगफली, लहसुन, संतरा और पान क्लस्टर पर केंद्रित स्टाल लगाए गए हैं। इनके साथ औषधि और दुग्ध उत्पादन पर भी स्टॉल लगे हैं। नशा मुक्त मंदसौर के अंतर्गत किए जा रहे प्रयासों पर भी विशेष स्टॉल लगाया गया है। राज्य आजीविका मिशन के अंतर्गत जिले में हो रही गतिविधियों को भी प्रदर्शनी में दिखाया गया है। सूक्ष्म दाब सिंचाई योजना से कृषि क्षेत्र में हुए लाभ को भी स्टॉल पर दर्शाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनी अवलोकन के दौरान कृषकों और उद्यमियों से संवाद किया। उन्होंने उत्पादों की निर्माण लागत और मार्केट लिंक की जानकारी ली। खाद्यान्न, फलोद्यान और मसाला उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए हैं। महिला स्व सहायता समूहों और स्वरोजगार के लिए प्रयास करने वाले युवाओं के काम भी दिखाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बातचीत में प्रतिभागियों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों और पर्यटन केंद्रों पर ऐसे उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री की व्यवस्था की जाएगी। यह प्रदर्शनी किसानों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का मंच बनी है।
समाचार
मुख्यमंत्री यादव ने उपज से उद्यम प्रदर्शनी का शुभारंभ किया
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे
