भोपाल में मास्टर प्लान-2047 के प्रारूप पर लोगों की आपत्तियों और सुझावों की सुनवाई आज तीसरे दिन भी जारी रहेगी। लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में होने वाली सुनवाई में बड़े तालाब के आसपास के गांवों के किसानों का पक्ष भी सुना जाएगा। पिछले दो दिनों में इस मुद्दे पर किसानों का विरोध सामने आया था। सुनवाई के दौरान कुछ किसानों ने मास्टर प्लान की प्रतियां जलाकर नाराजगी जताई थी। किसानों का कहना है कि बड़े तालाब के आसपास बसे 78 गांवों की कृषि भूमि को रिवरफ्रंट, फॉरेस्ट और ग्रीन बेल्ट के रूप में प्रस्तावित किया जा रहा है। इससे उनकी खेती और आजीविका प्रभावित होने की आशंका है। किसान इसी मुद्दे को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने किसानों की समस्याओं को लेकर आज राजधानी में प्रदर्शन की घोषणा की है। पार्टी के आंदोलन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से किसान ट्रैक्टर लेकर भोपाल पहुंचेंगे। दोपहर 1 बजे तुलसी नगर स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद किसान और सपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री के निवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़ेंगे।
समाचार
मास्टर प्लान पर आपत्तियों की सुनवाई तीसरे दिन जारी
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे
