भोपाल की अपर नियंत्रक लक्ष्मी गामड़ की पोस्ट वायरल
भोपाल की अपर नियंत्रक (गवर्नमेंट प्रेस) लक्ष्मी गामड़ की एक सोशल मीडिया पोस्ट इन दिनों चर्चा में है। उन्होंने अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा कि उनके दुश्मनों ने तांत्रिक के जरिए भूतों को बुलाकर उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। लक्ष्मी गामड़ के अनुसार भूतों ने उनका कुछ नहीं बिगाड़ा, बल्कि उन्हें अपनी मालकिन मान लिया। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि तांत्रिक ने भूतों को बुलाया और भूतों ने उन्हें देखकर अदब से झुककर पूछा, मालकिन, क्या आदेश है। उन्होंने यह भी लिखा, हां नी तो लक्ष्मी, आए थे बड़े मुझे काबू करने। लक्ष्मी गामड़ 2008 बैच की राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं। जनवरी 2026 से वे भोपाल स्थित गवर्नमेंट प्रेस में अपर नियंत्रक के पद पर पदस्थ हैं। उनकी यह पोस्ट दो दिन पुरानी बताई गई है और इसी पर उनकी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। इसी पोस्ट पर एक अन्य कमेंट में उन्होंने लिखा, अगर आप अपने चेहरे पर मुस्कान बनाए रखना चाहते हैं और जिंदगी जीने का अंदाज सीखना चाहते हैं, तो मेरे साथ बने रहिए। उन्होंने लोगों से अपनी प्रोफाइल को करने की अपील भी की। एक अन्य पोस्ट में अपर कलेक्टर लक्ष्मी गामड़ ने लिखा कि कुछ लोगों को मजाक भी समझ नहीं आता। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, अगर इसके लिए कोई कोचिंग है तो उनका पता बता दो भाई। सो सॉरी। 24 घंटे पुरानी एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, मैं अपनी प्रशासकीय दक्षता की तारीफ खुद करने लगूंगी तो बेचारे पीआरओ क्या करेंगे। हां नी तो लक्ष्मी। इसके अलावा उन्होंने लिखा, बड़ा गजब किरदार है मोहब्बत का। अधूरी हो सकती है, मगर खत्म नहीं। एक और पोस्ट में उन्होंने लिखा कि आप उन छवियों के लिए जिम्मेदार नहीं हो, जो दूसरों के दिमाग में आपके लिए बनी हुई हैं। लक्ष्मी गामड़ इससे पहले भी सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट करने के चलते चर्चा में रह चुकी हैं। करीब 7 महीने पहले उनकी चमाट वाली पोस्ट को लेकर वे काफी चर्चा में आई थीं। उन्होंने लिखा था, आवश्यकता है एक असिस्टेंट की, जो मेरी तरफ से जरूरत पड़ने पर सामने वाले को दो चमाट रसीद कर सके। इस पोस्ट के बाद यूजर्स उन्हें ट्रोल करने लगे।

