ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने प्रदेश के तेजी से बढ़ते महानगरों की विद्युत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मौजूदा ट्रांसमिशन नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए हाई टेम्परेचर लो सैग (एचटीएलएस) कंडक्टर तकनीक का उपयोग विस्तार से शुरू कर दिया है। इस तकनीक की शुरुआत भोपाल में की गई थी। अब इंदौर और ग्वालियर के महत्वपूर्ण 132 केवी ट्रांसमिशन नेटवर्क में भी क्षमता उन्नयन का कार्य प्रारंभ किया गया है। इसके तहत पारंपरिक एसीएसआर पैंथर कंडक्टरों को एचटीएलएस कंडक्टरों से बदला जा रहा है। इससे मौजूदा ट्रांसमिशन लाइनों की विद्युत वहन क्षमता लगभग तीन गुना तक बढ़ाई जा सकेगी। मंत्री तोमर ने बताया कि इस तकनीक का प्रमुख लाभ यह है कि बिना नया ट्रांसमिशन कॉरिडोर विकसित किए मौजूदा लाइनों के माध्यम से अधिक विद्युत शक्ति का पारेषण संभव होगा। इसके साथ ही संबंधित सबस्टेशनों के फीडर बे और स्विचयार्ड उपकरणों की क्षमता का भी उन्नयन किया जा रहा है, ताकि बढ़ी हुई पारेषण क्षमता का प्रभावी उपयोग किया जा सके। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राजधानी भोपाल में एमपी ट्रांसको ने सबसे पहले 400 केवी सुखी सेवनिया सब स्टेशन से 220 केवी गोविंदपुरा सबस्टेशन तक की ट्रांसमिशन लाइन में एचटीएलएस तकनीक का उपयोग किया था। अब इस तकनीक से 132 केवी भोपाल-अमरावद खुर्द डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन की क्षमता बढ़ाने का कार्य शुरू किया गया है। इस लाइन में मौजूदा एसीएसआर पैंथर कंडक्टरों को एचटीएलएस कंडक्टरों से बदला जा रहा है। इसके साथ ही 132 केवी अमरावद खुर्द, 132 केवी मैनिट तथा 220 केवी भोपाल सबस्टेशन में संबंधित 132 केवी फीडर बे की क्षमता का भी उन्नयन किया जा रहा है। वर्तमान में 220 केवी गोविंदपुरा सबस्टेशन से अमरावद खुर्द और वहां से मैनिट तक विद्युत आपूर्ति में बढ़ते लोड के कारण ओवरलोडिंग और लोड डायवर्जन की स्थिति बनती थी। भोपाल-अमरावद खुर्द लाइन की क्षमता बढ़ने से अमरावद खुर्द सबस्टेशन तक अधिक विद्युत भार पहुंचाना संभव होगा। इससे अमरावद खुर्द और मैनिट क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
समाचार
एचटीएलएस कंडक्टरों से ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ाने की पहल शुरू
27 नवंबर 2026 को 10:57 pm बजे
