नगर निगम ने 31 मार्च 2027 तक लिगेसी वेस्ट खत्म करने का लक्ष्य सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र देकर तय किया है। आदमपुर में करीब 6.50 लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा जमा था, जिसमें से अब तक 2 लाख 80 हजार 590 टन की प्रोसेसिंग हो चुकी है। परिवहन नहीं होने से खंती में आरडीएफ के ढेर लग रहे हैं और निगम के लिए नई चुनौती बनी है
आदमपुर कचरा खंती में सालों पुराने लिगेसी वेस्ट के निपटान की रफ्तार बढ़ाने के लिए नगर निगम ने नई मशीन मंगाई है। गुरुवार को मशीन खंती पहुंची, जिसे शुक्रवार से स्थापित किया जाएगा। हालांकि लिगेसी वेस्ट की प्रोसेसिंग के बीच अब आरडीएफ का निपटान निगम के लिए नई चुनौती बन गया है। परिवहन नहीं होने से खंती में जगह-जगह आरडीएफ के ढेर लग गए हैं। नगर निगम ने 31 मार्च 2027 तक पूरा लिगेसी वेस्ट खत्म करने का लक्ष्य सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र देकर तय किया है। आदमपुर में करीब 6.50 लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा जमा था। इसमें से अब तक 2 लाख 80 हजार 590 टन की प्रोसेसिंग की जा चुकी है। 17 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले निगम ने करीब ढाई लाख टन कचरे की प्रोसेसिंग पूरी होने की जानकारी दी थी।
