भोपाल के अरेरा क्लब में रविवार सुबह हुई घटना, डॉक्टरों ने जताई हार्ट अटैक की आशंका
भोपाल के अरेरा क्लब में लान टेनिस का प्रशिक्षण देते समय 45 वर्षीय कोच संजीव कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लिंक रोड नंबर-1 स्थित इस क्लब में रविवार सुबह करीब 11:05 बजे यह घटना हुई। संजीव कुमार आइएएस अधिकारियों और उनके बच्चों को टेनिस का प्रशिक्षण दे रहे थे। घटना के समय संजीव कुमार क्लब के लान में प्रशिक्षण दे रहे थे, तभी अचानक वह गिर पड़े और बेहोश हो गए। क्लब के कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें सीपीआर देने और पानी के छींटे मारने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद संजीव कुमार को तत्काल जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है। संजीव कुमार पिछले करीब दो साल से अरेरा क्लब में टेनिस कोच के रूप में सेवाएं दे रहे थे। वह राष्ट्रीय स्तर के टेनिस खिलाड़ी भी रह चुके थे।

