समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के नजूल कॉलोनी में बीती रात पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब फार्म हाउस पर जबरन कब्जे के प्रयास के दौरान मारपीट की सूचना पर दबिश देने पहुंची टीम के हत्थे दो बदमाश चढ़ गए। पुलिस ने पीड़ित अनितेश राठौर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और अपहरण के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह फार्म हाउस नजूल कॉलोनी निवासी अनितेश पिता भैयालाल राठौर का सोनाली कॉलेज के पास स्थित है। संपत्ति पर अवैध कब्जा जमाने के इरादे से आरोपी पिछले तीन दिनों से अनितेश को जबरन उठाकर ले जाते थे और उसके साथ मारपीट कर फार्म हाउस उनके नाम करने का दबाव बना रहे थे। बीती रात भी जब पीड़ित के साथ मारपीट की जा रही थी, तब गोपनीय सूचना मिलते ही सीएसपी श्वेताभ मालवीय के निर्देशन में कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस ने मौके से अनितेश को सुरक्षित छुड़ाया और घटनास्थल पर खड़ी संदिग्ध हुंडई वेन्यू कार (एमपी 08 ज़ेडसी 2380) की गहन तलाशी ली। कार की तलाशी में पुलिस को 7 पेटी देशी मदिरा और 1 पेटी अंग्रेजी शराब, यानी कुल 8 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। आरोपियों द्वारा इस शराब को अवैध बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों दिलीप राठौर (निवासी विकास नगर) और शुभम सक्सेना (निवासी सोनी कॉलोनी) को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शुभम सक्सेना पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का पदाधिकारी रह चुका है। चर्चाएं हैं कि वह अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल अवैध जमीनी कब्जे और शराब तस्करी जैसे काले कारनामों को छिपाने के लिए कर रहा था। इन दोनों आरोपियों की लंबे समय से शहर की इस कीमती जमीन पर नजर थी और वे राजनीतिक रसूख की आड़ में इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने पीड़ित अनितेश राठौर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इनमें मारपीट, धमकी और अपहरण का प्रयास शामिल है। इस घटना के बाद पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही, इस पूरे अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास भी किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया