बागसेवनिया थाने के सामने होशंगाबाद रोड पर शनिवार दोपहर 12 बजे परिजनों ने शव रखकर चक्काजाम किया
जेलर पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई
भोपाल में जेल में बंद 21 साल के छात्र हर्षित राजपूत की मौत से नाराज परिजनों ने शनिवार दोपहर 12 बजे होशंगाबाद रोड पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। वे बागसेवनिया थाने के सामने सड़क पर बैठ गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनकी मांग थी कि जेलर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाए। पुलिस के समझाने पर प्रदर्शनकारियों ने सवा घंटे बाद जाम खत्म किया। इसके बाद होशंगाबाद रोड पर यातायात सामान्य हो गया। परिजन हर्षित का शव लेकर होशंगाबाद रोड से सुभाष नगर विश्राम गृह के लिए रवाना हो गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो तीन दिन बाद और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। परिजनों ने यह भी कहा कि साथ ही मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। हर्षित की मौत गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान हुई थी। वह दो महीने से भोपाल सेंट्रल जेल में बंद था। परिजन का आरोप है कि बीमार होने के बावजूद उसे जेल में समय पर इलाज नहीं मिला। आरोप है कि जेल के डॉक्टर ने इलाज के लिए पैसे मांगे थे। परिजन और समाज के लोगों ने शुक्रवार रात पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास भी जाम लगाया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि शनिवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो फिर से सड़क जाम करेंगे। इसके बाद शनिवार दोपहर 12 बजे उन्होंने होशंगाबाद रोड पर चक्काजाम कर दिया।
परिवार ने कई बार आवेदन देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की, लेकिन आरोप है कि जेल प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया। परिवार के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, आवेदन मिलने के बावजूद जेल प्रशासन ने कोर्ट को हर्षित की तबीयत ठीक होने की जानकारी दी थी। उनका कहना है कि हर्षित निमोनिया से पीड़ित था। हालत बिगड़ने पर बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में वेंटिलेटर पर रहते हुए उसके पैरों में बेड़ियां होने पर परिजनों ने सवाल उठाए हैं।
सामने आए वीडियो में हर्षित वेंटिलेटर पर नजर आ रहा है और उसके पैरों में बेड़ियां दिखाई दे रही हैं। हर्षित की मौत के बाद परिजन शव स्ट्रेचर पर रखकर मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़े। करीब 400 मीटर पहले उन्होंने फिर चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने 'पुलिस मुर्दाबाद' और 'छात्र के हत्यारों को फांसी दो' के नारे लगाए। परिजनों ने पुलिस और जेल प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। वे जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस की समझाइश के बाद ही प्रदर्शन कुछ समय के लिए थमा।

