बांध के पानी ने एक बार फिर तबाही मचाई है। बुधवार को बांध की बायीं तट नहर टूट गई, जिससे जबलपुर के मंगेली का बड़ा इलाका जलमग्न हो गया। नहर टूटने की जानकारी मिलते ही तहसीलदार और एनवीडीए के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मंगेली के पास आज सुबह यह घटना हुई। नहर टूटने से बरगी बांध का पानी इलाके में फैल गया। कई किसानों के खेत पानी में डूब गए। अधिकारियों ने सबसे पहले बरगी बांध प्रबंधन को नहर टूटने की सूचना दी। इसके बाद नहर में डेम के पानी की सप्लाई रुकवाई गई। अधिकारियों के अनुसार बायीं तट नहर टूटने से मंगेली में खेतों में पानी भर गया है। इससे कुछ जगह फसलों को नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि नहर के पास से अवैध खनिज से लदे ओवरलोड डंपर दिनभर गुजरते हैं। इससे नहर की पटरी अंदर से कमजोर हो गई थी। यह कमजोर हिस्सा पानी के तेज दबाव को झेल नहीं पाया और टूट गया। नहर का पानी तेज बहाव के साथ इलाके में फैल गया। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की जांच टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कराया। इससे पहले नहर में छोड़े जा रहे पानी को तत्काल बंद करवाया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
समाचार
बरगी बांध की बायीं तट नहर टूटने से मंगेली का बड़ा इलाका जलमग्न, कई किसानों के खेत पानी में डूबे
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे
