मझगुवॉ हंसराज हाईस्कूल में 3 लैब व 4 कक्षों का लोकार्पण हुआ
3 माह में भवन तैयार कर सौगात
विधायक उमा देवी खटीक ने पीएम शासकीय हाईस्कूल मझगुवॉ हंसराज में 134 लाख की लागत से नवनिर्मित 3 लैब एवं 4 कक्षों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह लोकार्पण शिक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। नवनिर्मित हाईस्कूल भवन विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा के लिए वरदान साबित होगा, जिससे अब छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हाईस्कूल भवन के निर्माण के लिए एक वर्ष की समय-सीमा निर्धारित थी, लेकिन निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराया गया और मात्र तीन माह में भवन तैयार कर विद्यार्थियों को इसकी सौगात मिल गई। विधायक खटीक ने निर्माण एजेंसी को धन्यवाद देते हुए कहा कि क्षेत्र का समुचित विकास सुनिश्चित करना उनका निरंतर प्रयास है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य साहिल सिंह, द्रोपदी नरेंद्र सिंह, गोविंद तिवारी, राजेन्द्र यादव एवं भरत पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों में कार्यपालन यंत्री भवन आरएन विश्वकर्मा, सहायक यंत्री एसडी पटेल एवं उपयंत्री भवन केपीपरे भी मौजूद थे। विद्यालय के प्राचार्य हेमराज सिंह नेताम, शिक्षकगण और अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इस नवनिर्मित हाईस्कूल भवन से मझगुवॉ हंसराज और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभ होगा।
विधायक श्रीमति खटीक ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नवनिर्मित भवन क्षेत्र के छात्रों, विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। इस परियोजना की लागत 134 लाख रुपये आई है और इसे तय समय से काफी पहले पूरा कर लिया गया है, जो निर्माण एजेंसी के समर्पण और दक्षता को दर्शाता है। यह क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है।
