मध्य प्रदेश शासन की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान 13 अक्टूबर को खंडवा में दिया जाएगा
प्रसिद्ध अभिनेता रघुवीर यादव को अभिनय के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए इस वर्ष का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान 13 अक्टूबर को खंडवा में प्रदान किया जाएगा। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से यह सम्मान किशोर कुमार की पुण्य स्मृति में दिया जाता है। यह दो दिवसीय अलंकरण समारोह एवं गीत-संगीत संध्या खंडवा के पुलिस ग्राउंड में 12 और 13 अक्टूबर को आयोजित होगी। राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की शुरुआत वर्ष 1997 में हुई थी और तब से लेकर अब तक सिनेमा क्षेत्र की 29 विभूतियों को यह सम्मान मिल चुका है। सम्मान के तहत कलाकार को 5 लाख रुपए की करमुक्त राशि और एक प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाती है। इस सम्मान के लिए कलाकार की उत्कृष्टता, दीर्घ साधना और श्रेष्ठ उपलब्धियों को प्रमुख आधार माना जाता है। रघुवीर यादव भारतीय रंगमंच और सिनेमा के बहुमुखी कलाकार हैं, जिन्होंने ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’ और ‘पीपली लाइव’ जैसी कई फिल्मों में यादगार किरदार निभाए हैं। हाल के वर्षों में वेब सीरीज ‘पंचायत’ में प्रधान जी के किरदार ने उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी खासा लोकप्रिय बना दिया है। ग्रामीण परिवेश के इस किरदार में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा है। अभिनेता होने के साथ-साथ रघुवीर यादव गायक और संगीतकार भी हैं। दोनों दिन कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होंगे और इसमें प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

