भोपाल में 2,000 महिलाओं को 3 महीने के लिए सेनेटरी पैड बांटे गए
भोपाल में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्ण गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र के आनंद नगर दशहरा मैदान में आयोजित एक विशाल सैनिटरी पैड वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मासिक धर्म को महिलाओं और किशोरियों के जीवन की एक अत्यंत स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सामाजिक झिझक के कारण इस विषय पर खुलकर चर्चा न होने से कई किशोरियों और महिलाओं को सही समय पर स्वच्छता संबंधी आवश्यक जानकारी नहीं मिल पाती थी, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती थीं। राज्यमंत्री गौर ने इस बात पर जोर दिया कि केवल सैनिटरी पैड उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसके सुरक्षित उपयोग, उचित निपटान और आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श लेने के संबंध में व्यापक जनजागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह संदेश प्रत्येक जरूरतमंद बहन-बेटी तक पहुँचाना हम सभी की सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है। कृष्ण गौर ने कहा कि एक सक्षम बेटी, आत्मनिर्भर नारी और सशक्त मातृत्व ही हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। एक स्वस्थ बेटी, जागरूक महिला और आत्मविश्वासी नारी ही समाज की वास्तविक प्रगति का आधार बनती है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपनी बेटियों के साथ स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर सहज और खुलकर संवाद स्थापित करें ताकि उनके मन से झिझक दूर हो और वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें। समाज सेवा की वास्तविक परिभाषा को परिभाषित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद तक स्वच्छता सामग्री पहुँचाना, बेटी के मन से झिझक दूर करना और उसे स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना ही सच्ची जनसेवा है। गोविंदपुरा क्षेत्र के रत्नागिरी चौराहा स्थित आनंद नगर दशहरा मैदान में कृष्णा सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस जनहितकारी कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्ण गौर ने लगभग 2,000 महिलाओं को 3 महीने की अवधि के लिए उपयोगी नि:शुल्क सेनेटरी पैड का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता से स्वास्थ्य, से आत्मविश्वास और आत्मविश्वास से महिला सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त होने की बात कही।

