प्रदेशव्यापी अभियान में पुलिस ने जब्त की अवैध विस्फोटक सामग्री, जनता की सुरक्षा सर्वोपरि
आगामी त्योहारों के मद्देनजर, मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रदेशव्यापी अभियान चलाकर अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पिछले 10 दिनों में विभिन्न जिलों में हुई कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने 73 लाख रुपये से अधिक की अवैध सामग्री जब्त की है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, पटाखों के भंडारण और विक्रय पर अंकुश लगाना तथा विस्फोटक सामग्री के अवैध कारोबार को रोकना है। पुलिस की प्रभावी कार्रवाई में 73 लाख 71 हजार 665 रुपये कीमत के अवैध पटाखे, विस्फोटक सामग्री, कैल्शियम कार्बाइड, पोटाश-सल्फर, बारूद और प्रतिबंधित कार्बाइड गन जैसी सामग्री जब्त की गई है। इन अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है। प्रमुख कार्रवाईयों में गुना जिले के म्याना थाना पुलिस ने एक ट्रक से 16 कार्टून पटाखे जब्त किए, जिनकी कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं देवास जिले में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने चंद्र तारा कॉलोनी में दबिश देकर 87 प्रकार के पटाखों के 21 कार्टन जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख 558 रुपये है। उज्जैन पुलिस ने शास्त्री नगर स्थित एक मकान से लगभग 10 लाख रुपये कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए। भोपाल के पुराने शहर में एसडीएम सिटी, तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन दुकानों पर कार्रवाई कर 6 लाख 18 हजार रुपये कीमत की विस्फोटक सामग्री और पटाखे जब्त किए।
