राज्यपाल ने बुजुर्गों से सकारात्मक रहने का आह्वान किया
राज्यपाल मंगुभाई पटेल शनिवार को विदिशा में ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन विदिशा के रविंद्रनाथ टैगोर सांस्कृतिक ऑडिटोरियम भवन में "संगम गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन" विषय पर किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग के बीच हुए एमओयू के अंतर्गत आयोजित किया गया। राज्यपाल पटेल ने वृद्धजनों के सम्मान, उनकी देखभाल, पारिवारिक जिम्मेदारियों और समाज में बुजुर्गों की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता का स्थान सर्वोच्च माना गया है। माता-पिता बच्चों के पालन-पोषण और बेहतर भविष्य के लिए जीवनभर अनेक त्याग और संघर्ष करते हैं। माता-पिता बचपन से ही बच्चों की आवश्यकताओं, स्वास्थ्य, शिक्षा और खुशियों का विशेष ध्यान रखते हैं। लेकिन बच्चे बड़े होने के बाद अपने माता-पिता का समुचित ध्यान नहीं रख पाते, जो गंभीर चिंतन का विषय है। राज्यपाल पटेल ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान और समुचित देखभाल प्रत्येक संतान का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में अनेक कारणों से शारीरिक कमजोरियां आ जाती हैं। इस अवस्था में माता-पिता कई कार्यों के लिए अपने बच्चों पर आश्रित हो जाते हैं।
