भोपाल में फिसली रेंटल बुलेट, एमएएनआईटी छात्र आर्थव नागर की मौत, साथ बैठी महिला मित्र घायल
भोपाल में पुरानी जेल घाटी उतरते समय एक रेंटल बुलेट अनियंत्रित होकर फिसल गई और डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में बाइक चला रहे एमएएनआईटी के 19 वर्षीय छात्र आर्थव नागर की जान चली गई। हादसे के समय बाइक पर पीछे उसकी एक महिला मित्र भी बैठी थी, जो घायल हो गई। आर्थव नागर पिता संजीव नागर मूल रूप से देवास का रहने वाला था। उसने इसी साल मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएएनआईटी) में बीटेक फर्स्ट ईयर में दाखिला लिया था। वह दो भाइयों में छोटा था, और उसके पिता देवास में खेती करते हैं। परिजनों के मुताबिक, आर्थव शुक्रवार रात करीब 10 बजे एमएएनआईटी हॉस्टल से रेंटल बुलेट लेकर घूमने निकला था। उसके साथ कुछ दोस्त भी थे। रात करीब 10:30 बजे पुरानी जेल घाटी उतरते समय उसकी बाइक फिसल गई। हादसे में आर्थव के सिर में गंभीर चोट आई। बाइक पर पीछे बैठी उसकी महिला मित्र भी घायल हो गई। घायल आर्थव को पहले हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बंसल अस्पताल शिफ्ट किया गया। यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया, लेकिन शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। मृतक के चाचा संदेश नागर ने बताया कि आर्थव इसी साल पढ़ाई के लिए भोपाल आया था। आर्थव की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन भोपाल पहुंचे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार जांच में हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है। इस मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद तय होगी।

