उज्जैन में सिंहस्थ से पहले महाकाल मंदिर सहित ओंकारेश्वर, मैहर और ओरछा सहित सभी प्रमुख मंदिरों में नया मैनेजमेंट मॉडल लागू करने की तैयारी है। यह मॉडल तिरुपति, अयोध्या और सोमनाथ की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर अधिकारियों की टीम देश के प्रमुख मंदिरों का अध्ययन कर चुकी है। अधिकारियों ने दान, दर्शन विशेष, सुरक्षा, क्राउड कंट्रोल और प्रसादम सहित अन्य सुविधाओं को परखा है। सरकार बड़े मंदिरों की व्यवस्थाओं में बदलाव के लिए हाई लेवल कमेटी की रिपोर्ट का कई महीनों से इंतजार कर रही है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के प्रबंधन, दर्शन व्यवस्था, दान और सुविधाओं में बड़े बदलाव किए जाएंगे। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर नया खाका तैयार होगा। इसमें दर्शन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने पर जोर है। क्राउड कंट्रोल और लंबी कतारों को कम करने के लिए तिरुपति की तरह सिस्टम विकसित किए जाएंगे। यह कदम सिंहस्थ में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखकर उठाया जा रहा है। उज्जैन में करीब डेढ़ साल बाद होने वाले सिंहस्थ में लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए उससे पहले बड़े बदलाव किए जाएंगे। पहले चरण में उन मंदिरों को शामिल किया जाएगा जहां सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचते हैं। इनमें प्रमुख ज्योतिर्लिंग महाकाल, ओंकारेश्वर, रामराजा मंदिर ओरछा, शारदा देवी मंदिर मैहर, गणेश मंदिर खजराना (इंदौर) और सलकनपुर देवी धाम शामिल हैं। इनके बाद प्रदेश के अन्य मंदिरों के मैनेजमेंट सिस्टम में बदलाव किया जाएगा।
समाचार
महाकाल सहित प्रमुख मंदिरों का बदलेगा मैनेजमेंट
19 नवंबर 2026 को 11:28 pm बजे

महाकाल सहित प्रमुख मंदिरों का बदलेगा मैनेजमेंट
