गौवंश की रक्षा के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। जिले में गौवंश की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। इसी क्रम में, पुलिस चौकी प्रभारी सहित एक पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई आम लोगों द्वारा गौवंश की सुरक्षा को लेकर दिए गए ज्ञापन के बाद की गई है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से सामने आई शिकायतों और मांगों पर प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप तत्काल कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित चौकी प्रभारी और उनके सहयोगी को पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल निलंबित किया गया है। चौकी क्षेत्र में कैमरे बंद होने की जानकारी सामने आने के बाद सभी 26 कैमरे चालू करा दिए गए हैं। फिलहाल तात्कालिक व्यवस्था के तहत 5 पुलिसकर्मियों की पदस्थापना कर ड्यूटी लगाई गई है। इन पुलिसकर्मियों को लगातार गश्त करने तथा नियमित रूप से क्षेत्र की निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन के सूचना तंत्र को और मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं या परिस्थितियों के निर्मित होने से पहले ही उनकी जानकारी प्राप्त हो सके। इससे चर्चा और समन्वय के माध्यम से समय रहते उनका निराकरण किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस चौकी को स्थाई चौकी के रूप में विकसित करने के लिए शासन से मांग की गई है, ताकि क्षेत्र में स्थाई पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। इसका मुख्य उद्देश्य शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित करना और ऐसी स्थिति दोबारा निर्मित होने से रोकना है।
समाचार
गौवंश की रक्षा के लिए प्रशासन सख्त, एक चौकी प्रभारी सहित पुलिसकर्मी निलंबित
5 अक्टूबर 2026 को 12:05 am बजे
