अनूपपुर जिला अस्पताल में पिछले 3 दिनों से सीटी स्कैन जांच सुविधा बंद है। मशीन के सीपीयू में तकनीकी खराबी आने के कारण मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है, जिससे सड़क हादसों में घायल मरीजों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल पहुंच रहे मरीजों को फिलहाल जांच कराए बिना ही लौटना पड़ रहा है। गुरुवार शाम सड़क हादसे में घायल होकर जिला अस्पताल पहुंची सकरिया निवासी छात्रा सुचिता पटेल के सिर में चोट लगने के बावजूद मशीन बंद होने से शुक्रवार सुबह तक उनकी जांच नहीं हो सकी। परिजन अब बाहर से सीटी स्कैन कराकर रिपोर्ट डॉक्टर को दिखाएंगे। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एसआर परस्ते ने बताया कि सीटी स्कैन सेंटर के कर्मचारियों से चर्चा के बाद पता चला कि सीपीयू में आई खराबी से जुड़े पार्ट्स भोपाल में उपलब्ध नहीं थे, इसलिए उन्हें पुणे से मंगवाया गया है। मशीन सुधारने के लिए भोपाल से इंजीनियर भी रवाना किया गया है, और कंपनी ने शनिवार तक मशीन ठीक होने की संभावना जताई है। अनूपपुर जिला अस्पताल में दिसंबर 2021 से सीटी स्कैन सेंटर का संचालन शुरू हुआ था, जिसका उद्देश्य मरीजों को रियायती दरों पर जांच सुविधा उपलब्ध कराना था।
समाचार
जिला अस्पताल में सीटी स्कैन बंद, मरीज परेशान
6 नवंबर 2026 को 11:09 pm बजे
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया
