दीपावली के पर्व पर हर जरूरतमंद परिवार के घर खुशियों का उजाला पहुंचे, इसके लिए प्रदेश सरकार का राज्य आनंद संस्थान ‘हर घर दिवाली’ अभियान चला रहा है। यह अभियान वर्ष 2020 से निरंतर संचालित हो रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देना है। नागरिकों को अपनी आवश्यकता से अधिक उपयोगी वस्तुएं जरूरतमंद परिवारों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत लोगों से अपील की जा रही है कि वे अपने घरों, आसपास और परिचितों के बीच उपलब्ध अतिरिक्त एवं उपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाएं। इनमें नए अथवा अच्छी स्थिति के कपड़े, बच्चों की सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, दीपक, सजावट की सामग्री, खाद्य सामग्री तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। विशेष रूप से शहरों की संसाधन-विहीन बस्तियों में रहने वाले परिवारों तक सहयोग पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य आनंद संस्थान अपने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ‘मदद' की अवधारणा को बढ़ावा देता रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति को प्रेरित किया जाता है कि वह अपनी आवश्यकता से अधिक उपलब्ध वस्तुओं को ऐसे लोगों के साथ साझा करें, जिन्हें उनकी आवश्यकता है। यह पहल वर्ष 2020 से निरंतर संचालित की जा रही है। इस वर्ष भी संस्थान से जुड़े आनंदक, मास्टर ट्रेनर, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर, जिला संपर्क व्यक्ति, सहयोगी तथा आनंद क्लब के पदाधिकारी सामूहिक एवं व्यक्तिगत स्तर पर लोगों से संपर्क कर इस अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देंगे। वे अपने आसपास ऐसे परिवारों को चिह्नित कर सकते हैं, जिन्हें दीपावली के अवसर पर सहयोग की आवश्यकता है और स्थानीय स्तर पर सहयोग की व्यवस्था कर सकते हैं। संस्थान के निदेशक सत्य प्रकाश आर्य ने कहा कि दीपावली केवल अपने घर को रोशन करने का पर्व नहीं है, बल्कि किसी दूसरे के जीवन में भी खुशियों का उजाला लाने का अवसर है।
समाचार
हर घर दिवाली: जरूरतमंदों को मिलेगी खुशियां
6 नवंबर 2026 को 11:09 pm बजे
हर घर दिवाली: जरूरतमंदों को मिलेगी खुशियां
