अभियान में 25 हजार से अधिक उपयोगी सामग्री एकत्रित की गई
नगर निगम ग्वालियर द्वारा 'स्वच्छता की दिवाली एक रुपए वाली' पहल ने हजारों जरूरतमंद परिवारों की दीपावली खास बना दी। धनतेरस से पहले आयोजित इस अभियान में जरूरतमंदों ने मात्र एक रुपए में टीवी, फ्रिज, आरओ, साइकिल और कपड़ों जैसी उपयोगी वस्तुएं खरीदीं। घरों में अनुपयोगी पड़ी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाकर उन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया था। 21 अक्टूबर को निगम की टीमों ने घर-घर जाकर नागरिकों से अनुपयोगी लेकिन उपयोग योग्य सामग्री दान करने की अपील की थी। शहरवासियों ने इस पहल का भरपूर सहयोग करते हुए बड़ी संख्या में उपयोगी वस्तुएं दान कीं। इस अभियान ने स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता, संसाधनों के पुनः उपयोग और जरूरतमंदों की सहायता का प्रेरक संदेश दिया। बाल भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी और अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने प्रतीकात्मक रूप से 20 से 25 जरूरतमंद नागरिकों को एक रुपए में सामग्री वितरित की। शहर के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

