मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के निधन पर जताया शोक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशी बाई के निधन पर उनके पैतृक निवास ग्राम जैत पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की, अंतिम यात्रा में शामिल हुए और परिजनों को ढांढस बंधाया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशी बाई के निधन पर उनके पैतृक निवास ग्राम जैत पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं केंद्रीय मंत्री चौहान के परिजनों के साथ हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव काशीबाई की अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह, विधायक रमाकांत भार्गव, विधायक सुदेश राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक सुरेंद्र पटवा, पूर्व विधायक रामपाल सिंह, सीहोर भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा,। पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, कलेक्टर बालागुरु के तथा एसपी सोनाक्षी सक्सेना सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी ग्राम जैत पहुंचकर काशीबाई को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। श्रीमति काशीबाई का आज एम्स भोपाल में इलाज के दौरान देहांत हो गया था। उनका अंतिम संस्कार गृह ग्राम जैत में किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि यह एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति दें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रीमति काशीबाई का पूरा जीवन समाज सेवा और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा की। उनकी कमी हमेशा खलती रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीमति काशीबाई के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि वे हमेशा उनकी यादों को संजोकर रखेंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े होने से हमें संबल मिला है। उन्होंने कहा कि माताजी का जाना एक ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती, लेकिन आप सबके स्नेह और संवेदनाओं से हम इस दुख का सामना कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि श्रीमति काशीबाई एक ममतामयी मां और स्नेही व्यक्ति थीं।
