आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। आयुर्वेद ने सदियों से मानव जीवन को निरोगी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज पूरी दुनिया भारतीय आयुर्वेद की वैज्ञानिकता और उपयोगिता को स्वीकार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार भी आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के संरक्षण, संवर्धन और विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शुक्रवार को भोपाल के पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के रजत जयंती सभागृह में भाई उद्धवदास मेहता स्मृति न्यास द्वारा आयोजित धन्वंतरि पूजन, वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक सम्मान एवं वैद्य उद्धवदास मेहता अखिल भारतीय आयुर्वेद पीजी निबंध प्रतियोगिता-2026 के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने भगवान धन्वंतरि का पूजन कर प्रदेशवासियों के स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की कामना की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिष्ठित चिकित्सकों को सम्मानित किया तथा प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में स्वास्थ्य को सर्वोच्च धन माना गया है। आयुर्वेद हमें रोगों के उपचार के साथ संतुलित आहार, अनुशासित दिनचर्या और प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
समाचार
आयुर्वेद: भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का आधार
30 अक्टूबर 2026 को 11:24 pm बजे
आयुर्वेद: भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का आधार
