इंदौर में मंगलवार को जूनि इंदौर और तेजाजी नगर थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में सब्जी विक्रेता और निजी ट्रैवल कंपनी के बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों हादसों में घायल लोगों को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने के बाद फरार हुए वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। पहली घटना मंगलवार रात जूनि इंदौर थाना क्षेत्र के पास हुई। अलापुरा निवासी रविंद्र बिजवा सोनकर के बेटे मनीष (42) धर्मशाला के सामने सब्जी की दुकान लगाते थे। मंगलवार रात सड़क पार करते समय तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मनीष को राहगीरों और पुलिस की मदद से एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मनीष अपने परिवार का मुख्य सहारा थे। उनके परिवार में दो बेटियां, माता-पिता और एक भाई हैं। जूनि इंदौर पुलिस मोटरसाइकिल नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है। दूसरी घटना तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले राऊ इलाके में हुई। सेज यूनिवर्सिटी के पास रहने वाले मुन्नाभाई सोलंकी के बेटे नवीन (40) मंगलवार शाम मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नवीन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। नवीन एक निजी ट्रैवल कंपनी में बस चलाते थे। उनके परिवार में मां, दो भाई और तीन बच्चे हैं। तेजाजी नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
समाचार
मनीष और नवीन की हादसों में मौत, फरार चालकों की तलाश जारी
14 अक्टूबर 2026 को 11:19 pm बजे

मनीष और नवीन की हादसों में मौत, फरार चालकों की तलाश जारी
