मुख्यमंत्री यादव मुंबई में उद्योगपतियों से करेंगे संवाद
मुख्यमंत्री मोहन यादव 8 अक्टूबर को मुंबई में उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। यह मुलाकात जनवरी 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों के तहत हो रही है, जिसमें मध्य प्रदेश में विकसित किए जा रहे विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों और निवेश के अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री उद्योगपतियों से वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे, ताकि कंपनियों की निवेश और विस्तार योजनाओं के साथ उनकी जरूरतों को समझा जा सके। मुंबई, देश की आर्थिक राजधानी होने के साथ-साथ प्रमुख औद्योगिक और कारोबारी केंद्र है। यहां ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्युटिकल्स, टेक्सटाइल्स, केमिकल्स और ऊर्जा प्रौद्योगिकियों से जुड़े बड़े उद्योग समूह मौजूद हैं। मुख्यमंत्री की यह यात्रा इन समूहों को मध्य प्रदेश में उपलब्ध निवेश के अवसरों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस संवाद के माध्यम से मध्य प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों को अंतर्राष्ट्रीय कारोबारी नेटवर्क तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। बड़ी औद्योगिक इकाइयों के साथ उनके सप्लायर, सहायक उद्योग, लॉजिस्टिक्स और दूसरी सेवाओं का काम भी बढ़ता है, जिससे स्थानीय उद्यमियों के लिए नए अवसर और युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बनती हैं।
