महाकाल की सवारी में करीब नौ साल तक भगवान का सारथी बनकर चलने वाला श्यामू हाथी अब गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा में रहेगा। पैरों में परेशानी और टीबी की बीमारी से जूझ रहे श्यामू को बेहतर इलाज और देखभाल के लिए 13 नवंबर की रात वनतारा भेज दिया गया। वनतारा की 15 सदस्यीय टीम विशेष रेस्क्यू वाहन के साथ उज्जैन पहुंची थी। हाथी को सुरक्षित तरीके से रवाना करने के लिए डॉक्टरों और महावतों की टीम भी मौजूद रही। श्यामू के साथ उसके परिवार के दो सदस्य हरिनारायण और शिवनारायण भी जामनगर गए हैं, ताकि नए माहौल में उसकी देखभाल कर सकें। पांच महीने पहले इंदौर चिड़ियाघर के प्रभारी उत्तम यादव, उज्जैन के पशु चिकित्सक डॉ. मुकेश जैन और पन्ना टाइगर रिजर्व के डॉ. संजय गुप्ता ने उसकी जांच के लिए खून का सैंपल लेने की कोशिश की थी। हालांकि, हाथी के मालिक सरमन गिरि और उनके परिवार ने इसका विरोध किया और टीम को सैंपल नहीं लेने दिया। लगातार विरोध और हाथी की बिगड़ती सेहत को देखते हुए वनतारा और उज्जैन वन विभाग की टीम ने 13 नवंबर को उसका रेस्क्यू कर गुजरात भेज दिया। वन विभाग के डीएफओ अनुराग तिवारी ने बताया कि श्यामू लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था। उसके पैरों में परेशानी थी और वे टेढ़े होने लगे थे। वह टीबी से भी पीड़ित था। स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ऐसे में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में बेहतर इलाज और देखभाल के लिए उसे वनतारा भेजने का निर्णय लिया गया। वन विभाग के एसडीओ विक्रम सिंह सोलंकी के अनुसार, हाथी के मालिक ने स्वेच्छा से श्यामू को दान करने के लिए लिखित आवेदन दिया था। इसके बाद भोपाल से ट्रांसपोर्ट परमिट जारी हुआ। जरूरी अनुमति मिलने पर उसे वनतारा रवाना किया गया। सूत्रों के अनुसार, वनतारा की ओर से श्यामू के बदले उसके मालिक को एक दूसरा हाथी दिया जाएगा। साथ गए हरिनारायण और शिवनारायण को वनतारा में नौकरी देने की व्यवस्था की गई है। उन्हें प्रतिमाह 30 से 40 हजार रुपए वेतन दिया जाएगा। दोनों के रहने की व्यवस्था भी वनतारा की ओर से की गई है। श्यामू को सुरक्षित तरीके से वनतारा ले जाने के लिए करीब 15 सदस्यों की टीम उज्जैन पहुंची थी। इसमें डॉक्टर और महावत शामिल थे। टीम अपने साथ विशेष रेस्क्यू वाहन और टैंकर सहित दो वाहन लेकर आई थी। नए स्थान पर श्यामू को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखते हुए पूरी प्रक्रिया की गई। उज्जैन के दो महावत भी श्यामू के साथ भेजे गए हैं। नए माहौल में उसे परिचित लोग मिलें और देखभाल बेहतर तरीके से हो सके, इसलिए यह व्यवस्था की गई। हाथी के मालिक ने बताया कि वर्ष 2006 में रामू हाथी को लाकर बाबा महाकाल की सेवा शुरू की गई थी। वर्ष 2016 के बाद श्यामू ने यह जिम्मेदारी संभाली और 2025 तक महाकाल की सवारी में अपनी भूमिका निभाई। मालिक के अनुसार, श्यामू उनके लिए सिर्फ हाथी नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य है। करीब नौ साल तक महाकाल की सवारी का हिस्सा रहा श्यामू अब अपने जीवन का नया अध्याय वनतारा में शुरू करेगा। पिछले करीब नौ महीनों से श्यामू के स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठ रहे थे। उसका इलाज विशेषज्ञों की निगरानी में चल रहा है। श्यामू के स्वास्थ्य और इलाज को लेकर लगातार विवाद होता रहा। विशेषज्ञ टीमें कई बार सैंपल लेने और जांच के लिए पहुंचीं। अब उसका स्थानांतरण विशेषज्ञ देखभाल के लिए किया गया है।
समाचार
महाकाल की सवारी का हाथी श्यामू वनतारा भेजा गया
18 नवंबर 2026 को 11:21 pm बजे
महाकाल की सवारी का हाथी श्यामू वनतारा भेजा गया
