बैठक में समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठकों को संबोधित किया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्ष शामिल हुए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार कार्यकर्ता हैं। पद केवल दायित्व नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं और जनता के प्रति जवाबदेही भी है। संगठन की वास्तविक मजबूती के लिए सभी स्तरों पर संवाद, समन्वय और आपसी विश्वास जरूरी है। केवल कार्यक्रमों का आयोजन पर्याप्त नहीं है। उनके उद्देश्यों की पूर्ति और परिणामों का मूल्यांकन भी आवश्यक है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करनी चाहिए। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और हाल में संपन्न अभियानों की समीक्षा की गई। आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई। शिवप्रकाश जी ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ काम करना होगा। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच संवाद लगातार बना रहना चाहिए। संगठन के विस्तार के लिए बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर तय जिम्मेदारियों का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। वरिष्ठ पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करना चाहिए। उनकी मेहनत और योगदान को उचित महत्व देना चाहिए। संगठन की शक्ति उसके सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। शिवप्रकाश जी ने कहा कि संगठन में पदाधिकारियों का कार्य व्यवस्था निर्माण का है। यह कार्य पारदर्शिता, सामूहिक निर्णय और समयबद्ध कार्ययोजना से पूरा करना है। किसी जिम्मेदारी का मूल्यांकन केवल पद के आधार पर नहीं होना चाहिए। कार्य की गुणवत्ता, परिणाम और संगठन के प्रति समर्पण ही पैमाना होना चाहिए। सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यम अब संगठनात्मक संवाद के महत्वपूर्ण साधन बन गए हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा और सेवा कार्यों को प्राथमिकता देनी होगी। उसे समाज के हर वर्ग तक पहुंचना होगा।
भाजपा की बैठक में संगठन की मजबूती पर जोर, कार्यकर्ताओं की भूमिका को बताया अहम आधार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 1 से 25 दिसंबर तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष ‘सेवा दूत’ अभियान चलेगा। इसमें पूर्णकालिक कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। वे संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना है। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर जी ने सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय और योजनाबद्ध कार्य पर जोर दिया। आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी कर उन्हें बूथ स्तर तक पहुंचाने को कहा गया। जिला, मंडल और बूथ स्तर पर नियमित समीक्षा के साथ कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। सामूहिक प्रयास और निरंतर सक्रियता संगठन को सशक्त बनाने का आधार बताए गए।
