सागर में आईजी इरशाद वली ने बुधवार को मकरोनिया, कैंट, बहेरिया और सानौधा थानों का निरीक्षण कर बीट प्रणाली को मजबूत करने और आमजन से संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए
सागर जिले में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) इरशाद वली ने बुधवार को जिले के चार थानों का अचानक निरीक्षण किया। आईजी को थाने में देखकर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने थाना मकरोनिया, थाना कैंट, थाना बहेरिया और थाना सानौधा का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान आईजी वली ने थाना प्रभारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके शासकीय कार्यों, कार्य परिस्थितियों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने केवल विभागीय कार्यों की समीक्षा तक सीमित न रहकर पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना और उनके व्यक्तिगत व कार्य संबंधी अनुभव सुने। इस दौरान उन्होंने सभी को तनावमुक्त रहकर, पूरी ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। आईजी ने पुलिसिंग की सबसे महत्वपूर्ण इकाई बीट प्रणाली को मजबूत और प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि बीट में तैनात पुलिसकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील स्थानों, अपराधियों, असामाजिक तत्वों और स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी रखें। आमजन से लगातार संपर्क और संवाद स्थापित कर छोटी-छोटी समस्याओं का समय पर समाधान करने की बात कही, ताकि अपराधों की रोकथाम हो सके और जनता का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े। उन्होंने बीट स्तर पर सक्रियता, नियमित क्षेत्र भ्रमण, सूचनाओं के प्रभावी संकलन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय को सफल पुलिसिंग का आधार बताया। लंबित अपराधों के जल्द निराकरण को लेकर भी आईजी ने निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लंबित मामलों के निराकरण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
