महाराज ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी संस्थान की होती है
भोपाल में साधु- संत समाज के भीतर से ही धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के एक बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हाल ही में महिला सुरक्षा और आश्रम के सेवादारों को लेकर एक टिप्पणी की थी, जिस पर अनिलानंद महाराज ने सख्त आपत्ति जताई है। अनिलानंद महाराज ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का यह बयान सनातन परंपरा और व्यवस्था का अपमान है। अनिलानंद महाराज ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि वे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का व्यक्तिगत रूप से बहुत सम्मान करते हैं, लेकिन आश्रमों में काम करने वाले सेवादारों पर भरोसा न करने का उनका बयान पूरी तरह से अनुचित और गलत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल, आश्रम या संस्थान में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी उसी संबंधित संस्थान की होती है। महाराज ने कहा कि लाखों श्रद्धालु और सेवादार पूरी निष्ठा से आश्रमों में सेवा देते हैं। ऐसे में धीरेंद्र शास्त्री का यह बयान सनातन धर्म और आश्रम व्यवस्था का अपमान है।

