भोपाल में 10 दिन से डटे शिक्षक
भोपाल के नीलम पार्क में अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को अपने 10वें दिन भी जारी रहा। शिक्षकों की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे इस आंदोलन में कई जिलों के शिक्षक शामिल हो रहे हैं। उनकी मुख्य मांगों में टीईटी परीक्षा से मुक्ति, इसकी अनिवार्यता समाप्त करना और नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता प्रदान करना शामिल है। मोर्चे का कहना है कि केवल आवेदन की तिथि बढ़ाने से उनकी मूल समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि सरकार को उनकी मांगों पर स्पष्ट और सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। धरने के दौरान शिक्षकों ने क्रमिक भूख हड़ताल भी शुरू की। इस भूख हड़ताल पर पृथ्वी सिंह श्योर, कमल बैरागी, माधवी (विदिशा), गिरीश गौतम, भूपाल धाकड़ व सतेंद्र गौर (रायसेन), सुरेश डांगी, महेश बैरागी एवं राजेश शर्मा (राजगढ़) सहित कई शिक्षक बैठे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा टीईटी आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है, लेकिन उनकी प्रमुख मांगों पर अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। संयुक्त मोर्चा की प्रमुख मांगों में टीईटी परीक्षा से मुक्ति और इसकी अनिवार्यता को समाप्त करना सबसे महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही, शिक्षक टीईटी परीक्षा के लिए किसी भी प्रकार का दबाव नहीं बनाने और नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता प्रदान करने की मांग भी कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि वे अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। इस आंदोलन के समर्थन में भोपाल संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में शिक्षक नीलम पार्क स्थित धरना स्थल पर पहुंचे।

